बीजापुर (कांगेर लाइव) - फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ेआलवाड़ा के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान पुलिस ने माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे हथियार, जिंदा कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। कार्रवाई फरसेगढ़ थाना, डीआरजी बीजापुर और बीडीएस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर एसपी के निर्देशन में टीम जंगल में रवाना हुई थी। तलाशी के दौरान संदिग्ध सामग्री मिलने पर बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और सुरक्षा प्रक्रिया पूरी कर उसे कब्जे में लिया।
* बरामद सामग्री: 315 बोर का देशी कट्टा, 315 बोर के 49 जिंदा राउंड, 303 रायफल के 25 राउंड और 12 बोर के 34 कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा 303 रायफल का बट प्लेट, बोल्ट, खाली मैगजीन और अन्य पार्ट्स भी मिले हैं।
* सर्चिंग के दौरान पुलिस को 8 किलो जिलेटिन, छह वॉकी-टॉकी सेट व चार्जर, एक मेन पैक सेट, इलेक्ट्रॉनिक व कॉपर वायर, डेटोनेटर वायर, क्लच वायर, बैटरी, सेल, स्विच, सॉकेट और अन्य उपकरण व टूल्स मिले।