कुकानार के जंगलों में सुरक्षाबलों की कार्रवाई, दो टिफिन बम समेत विस्फोटक बरामद

30 अक्टूबर 2026

कुकानार थाना क्षेत्र के दुमनपारा और जोंगेरास के दुर्गम जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया है।

कुकानार के जंगलों में सुरक्षाबलों की कार्रवाई, दो टिफिन बम समेत विस्फोटक बरामद

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। कुकानार थाना क्षेत्र के दुमनपारा और जोंगेरास के दुर्गम जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो टिफिन बम समेत भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियारों के कारतूस और संचार उपकरण बरामद किए गए हैं।

सुकमा पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर को आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध स्थान पर छिपाकर रखी गई सामग्री की तलाशी ली गई, जिसमें नक्सलियों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली विस्फोटक सामग्री और अन्य उपयोगी सामान मिला।


दो टिफिन आईईडी समेत विस्फोटक सामग्री बरामद


डंप की तलाशी के दौरान पांच और तीन किलोग्राम के दो टिफिन आईईडी बरामद किए गए। इसके अलावा 315 बोर के 14 जिंदा कारतूस, 14 जिलेटिन रॉड और 80 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर भी मिले। सुरक्षाबलों ने मौके से लगभग 30 मीटर कॉर्डेक्स वायर, 15 मीटर सेफ्टी फ्यूज और करीब 100 मीटर इलेक्ट्रिक वायर भी बरामद किया है।

संचार उपकरण और अन्य सामग्री भी मिली


विस्फोटक सामग्री के अलावा डंप से सात बड़े और सात छोटे बीजीएल कारतूस, वायरलेस सेट के लिए बैटरियां, चार्जर, बीजीएल सेल निप्पल, डीसी चार्जर, मैगजीन पाउच, वर्दी तथा अन्य उपयोगी सामान भी बरामद किया गया। इसके साथ ही नीले रंग का प्लास्टिक कंटेनर और संचार उपकरणों से संबंधित अन्य सामग्री भी मिली है। पुलिस के मुताबिक, बरामद सामग्री में कुल 23 प्रकार की वस्तुएं शामिल हैं।


एएसपी ने की बरामदगी की पुष्टि


सुकमा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मनोज तिर्की ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया था। दुर्गम जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में चलाए गए इस अभियान के दौरान नक्सली डंप का पता लगाकर बड़ी मात्रा में विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की गई।

साझा:

बस, इतनी ही थी यह खबर।

आगे भेज दीजिए — बस्तर की खबर बस्तर तक पहुँचनी चाहिए।

ग्रुप में भेजिए
लिखने वाले
Prabhakar Prabhakar

इनकी सारी खबरें

इसी सिलसिले में

संबंधित खबरें