20 किलोमीटर दूर पालाचलमा पंचायत के मेटागुड़ा गांव पहुंचे सुकमा कलेक्टर

6 सितंबर 2026

ट्रैक्टर से कलेक्ट्रेट आए थे ग्रामीण, बाइक से उनके गांव पहुंच गए कलेक्टर और सीईओ

20 किलोमीटर दूर पालाचलमा पंचायत के मेटागुड़ा गांव पहुंचे सुकमा कलेक्टर

सुकमा (कांगेर लाइव) - दो दिन पहले एक गांव के दर्जनों ग्रामीण गांव की समस्याओं को कलेक्टर के सामने रखने के लिए ट्रैक्टर से सुकमा कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर ने प्रशासनिक सक्रियता की ऎसी मिसाल पेश की है कि इसकी जमकर चर्चा और तारीफ हो रही है। ग्रामीणों के गांव लौटते ही दूसरे दिन कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर पूरे प्रशासनिक अमले के साथ फरियादी ग्रामीणों के गांव मेटागुड़ा जा धमके। रास्ता दुर्गम होने के कारण कलेक्टर, सीईओ और तमाम अधिकारी कर्मचारी बाइक से मेटागुड़ा गांव पहुंचे थे।


मेटागुड़ा गांव के ग्रामीण स्कूल, आंगनबाड़ी भवन सहित विभिन्न मांगों को लेकर ट्रैक्टर से जिला मुख्यालय सुकमा पहुंचे थे। मगर उन्हें अब उम्मीद से ज्यादा मिल गया है।ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के बाद कलेक्टर अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर प्रशासनिक अमले के साथ किस्टाराम से करीब 20 किलोमीटर दूर पालाचलमा पंचायत के मेटागुड़ा गांव पहुंचे थे। अधिकारियों ने गांव में ग्रामीणों के साथ चर्चा कर उनकी आवश्यकताओं और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। गांव पहुंचने पर कलेक्टर एवं अधिकारियों ने पेड़ के नीचे ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई। इस दौरान मेटागुड़ा में आंगनबाड़ी भवन और आमापेंटा में प्राथमिक शाला भवनों के निर्माण के लिए स्वीकृति आदेश तुरंत जारी कर दिया गया। ग्रामीणों की अन्य मांगों पर भी अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं और अपनी अपेक्षाओं से प्रशासन को अवगत कराया। सिंचाई सुविधा के विस्तार के लिए गांव में नहर निर्माण के साथ वीबी जी रामजी योजना के तहत तालाब निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इससे सिंचाई सुविधा बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों को रोजगार मिलेगा। गांव में बिजली पहुंचाने के संबंध में अधिकारियों ने लगभग दो महीने की अवधि में विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। सड़क निर्माण की ग्रामीणों की मांग पर डीपीआर तैयार कर राज्य सरकार को भेजा गया है।


साझा:

बस, इतनी ही थी यह खबर।

आगे भेज दीजिए — बस्तर की खबर बस्तर तक पहुँचनी चाहिए।

ग्रुप में भेजिए
लिखने वाले
संपादकीय डेस्क desk

इनकी सारी खबरें

इसी सिलसिले में

संबंधित खबरें