जगदलपुर में ‘माय भारत युवा संवाद’ का आयोजन, सांसद महेश कश्यप ने युवाओं से किया सीधा संवाद

6 नवंबर 2026

एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर हुई चर्चा, युवाओं की जिज्ञासाओं और सवालों का दिया जवाब

जगदलपुर में ‘माय भारत युवा संवाद’ का आयोजन, सांसद महेश कश्यप ने युवाओं से किया सीधा संवाद

जगदलपुर(kangerlive): युवाओं में लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाने और देश की महत्वपूर्ण नीतियों एवं विषयों पर उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जगदलपुर के पीजी कॉलेज में ‘माय भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप एवं जगदलपुर के महापौर संजय पांडे विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर अपने विचार रखे तथा विभिन्न सवालों के माध्यम से अपनी जिज्ञासाएं सामने रखीं।

कार्यक्रम के दौरान सांसद महेश कश्यप ने युवाओं के साथ सीधे संवाद करते हुए एक राष्ट्र, एक चुनाव की अवधारणा, इसके उद्देश्य और संभावित प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए अपने निजी जीवन के अनुभवों और उदाहरणों को भी साझा किया। उनके सरल और सहज संवाद के माध्यम से युवाओं को विषय को समझने का अवसर मिला। सांसद ने युवाओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया और देश की नीतिगत चर्चाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव को लेकर समाज में कई प्रकार की चर्चाएं और भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं। कुछ विरोधी दलों एवं अन्य लोगों द्वारा यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि इस व्यवस्था से आरक्षित सीटों की संख्या कम हो जाएगी या बाहरी लोगों को अधिक अवसर मिलने लगेंगे। उन्होंने युवाओं को इन दावों के संबंध में तथ्यों और संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी देते हुए ऐसी भ्रामक धारणाओं से बचने की बात कही।

उन्होंने कहा कि किसी भी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय विषय को समझने के लिए आवश्यक है कि युवा केवल सुनी-सुनाई बातों पर भरोसा न करें, बल्कि उसके वास्तविक उद्देश्य, प्रावधानों और प्रभावों को समझें। युवाओं को जागरूक नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभानी चाहिए और देशहित से जुड़े विषयों पर तार्किक दृष्टिकोण विकसित करना चाहिए।

कार्यक्रम में महापौर संजय पांडे ने भी युवाओं से संवाद किया और उन्हें देश के विकास, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान कॉलेज के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। सवाल-जवाब और विचारों के आदान-प्रदान से कार्यक्रम संवादात्मक एवं उत्साहपूर्ण बना रहा। ‘माय भारत युवा संवाद’ के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय मुद्दों को समझने, अपनी जिज्ञासाएं रखने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच मिला।

साझा:

बस, इतनी ही थी यह खबर।

आगे भेज दीजिए — बस्तर की खबर बस्तर तक पहुँचनी चाहिए।

ग्रुप में भेजिए
लिखने वाले
Prabhakar Prabhakar

इनकी सारी खबरें

इसी सिलसिले में

संबंधित खबरें