जगदलपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर सोमवार, 2 नवंबर को जगदलपुर का ऐतिहासिक सिटी ग्राउंड उत्साह, उमंग और उल्लास से सराबोर नजर आया।
राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के बीच शिक्षा विभाग द्वारा लगाई गई विशेष विज्ञान एवं नवाचार प्रदर्शनी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।
प्रदर्शनी में जिले के विभिन्न स्कूलों से पहुंचे विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मक क्षमता और नवाचार की प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कई उपयोगी मॉडल प्रस्तुत किए। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि नई सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से रोजमर्रा की समस्याओं का भी सरल समाधान खोजा जा सकता है।
इसी प्रदर्शनी में बड़े मोरठपाल के प्रतिभावान बाल वैज्ञानिक सूरज कश्यप और अनिरुद्ध मौर्य द्वारा प्रस्तुत रेन डिटेक्टर मॉडल ने विशेष आकर्षण बटोरा। शिक्षक विजय सिन्हा के कुशल मार्गदर्शन में तैयार किए गए इस मॉडल को देखने के लिए अधिकारियों, शिक्षकों और आम नागरिकों की विशेष रुचि देखने को मिली। दोनों विद्यार्थियों ने अपने मॉडल की कार्यप्रणाली समझाते हुए बताया कि इसका उद्देश्य अचानक होने वाली बारिश से खुले में रखे कपड़ों और कृषि उपज को भीगने से बचाना है।
बारिश की बूंदों को पहचानकर खुद काम करेगा सिस्टम
रेन डिटेक्टर एक सेंसर आधारित स्वचालित प्रणाली है, जो बारिश की बूंदों को महसूस करते ही सक्रिय हो जाती है। इस मॉडल में लगाए गए सेंसर बारिश का संकेत मिलते ही मोटर और स्वचालित व्यवस्था को संचालित करते हैं, जिससे खुले में सूख रहे कपड़े अपने आप सुरक्षित छांव या शेड के नीचे पहुंच जाते हैं। वहीं, बारिश बंद होने और दोबारा धूप निकलने पर सिस्टम कपड़ों को वापस धूप में ले आता है। इस तरह बिना किसी व्यक्ति की लगातार निगरानी के कपड़ों को बारिश से सुरक्षित रखा जा सकता है।
आज के व्यस्त जीवन में यह तकनीक आम नागरिकों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है। अक्सर लोग घरों की छतों, आंगनों और बालकनियों में कपड़े सुखाने के लिए डालकर अपने काम से बाहर चले जाते हैं। ऐसे में अचानक मौसम बदलने और बारिश होने पर कपड़े भीग जाते हैं। रेन डिटेक्टर इस समस्या का स्वचालित समाधान प्रस्तुत करता है।
किसानों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है नवाचार
इस मॉडल की उपयोगिता केवल घरेलू कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि कृषि क्षेत्र में भी इसके व्यापक उपयोग की संभावनाएं हैं। विशेषकर बस्तर जैसे कृषि प्रधान क्षेत्र में किसान धान की कटाई और मिंजाई के बाद उपज को खुले स्थानों एवं खलिहानों में सुखाते हैं। इस दौरान अचानक बारिश होने से धान भीगने, गुणवत्ता प्रभावित होने और आर्थिक नुकसान की आशंका बनी रहती है।
ऐसी स्थिति में सेंसर आधारित स्वचालित शेड या कवर प्रणाली किसानों के लिए काफी मददगार साबित हो सकती है। बारिश का संकेत मिलते ही यह व्यवस्था फसल को सुरक्षित स्थान पर ढंकने या शेड के नीचे पहुंचाने में सहायक हो सकती है। इसके अलावा ऐसी फसलों और कृषि उत्पादों को भी सुरक्षित रखने में इसका उपयोग किया जा सकता है, जिन्हें अधिक पानी या नमी से नुकसान पहुंचता है।
बाल वैज्ञानिकों की सोच को मिली सराहना
बड़े मोरठपाल के विद्यार्थियों सूरज कश्यप और अनिरुद्ध मौर्य ने अपने इस मॉडल के माध्यम से यह साबित करने का प्रयास किया कि विज्ञान केवल किताबों और प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उपयोग आम जीवन की समस्याओं को हल करने में भी किया जा सकता है। कम उम्र में ऐसी उपयोगी तकनीक के बारे में सोचना और उसे मॉडल के रूप में प्रस्तुत करना विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक अभिरुचि को दर्शाता है।
शिक्षक विजय सिन्हा के मार्गदर्शन में तैयार इस नवाचार की प्रदर्शनी में मौजूद अधिकारियों, शिक्षकों और आम नागरिकों ने मुक्तकंठ से सराहना की। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस विज्ञान प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया। साथ ही यह भी दर्शाया कि ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे भी अपनी कल्पनाशीलता, मेहनत और वैज्ञानिक सोच के दम पर समाज के लिए उपयोगी नवाचार विकसित करने की क्षमता रखते हैं।