12 नवंबर से देशभर में ड्राइवरों का अनिश्चितकालीन आंदोलन, 15 मांगों को लेकर स्टेयरिंग छोड़ो अभियान : बालेंगा

13 नवंबर 2026 1 दिन पहले

ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी, ऑल छत्तीसगढ़ ड्राइवर एसोसिएशन एवं छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन के संयुक्त आह्वान पर बालेंगा में किया गया आंदोलन।

12 नवंबर से देशभर में ड्राइवरों का अनिश्चितकालीन आंदोलन, 15 मांगों को लेकर स्टेयरिंग छोड़ो अभियान : बालेंगा

बस्तर( kangerlive)। देशभर के वाहन चालकों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर 12 नवंबर 2026 से अनिश्चितकालीन 'स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन' का ऐलान किया गया है। ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी, ऑल छत्तीसगढ़ ड्राइवर एसोसिएशन एवं छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन के संयुक्त आह्वान पर यह आंदोलन किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि ड्राइवरों को सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक सहायता, सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां और कानूनी संरक्षण दिलाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।

संगठन द्वारा जारी पोस्टर में ड्राइवरों के हितों से जुड़ी कुल 15 प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें राष्ट्रीय स्तर पर ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू करने, राष्ट्रीय ड्राइवर आयोग एवं प्रत्येक राज्य में ड्राइवर आयोग के गठन तथा ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड बनाने की मांग प्रमुख है। इसके साथ ही ड्राइवरों और उनके परिवारों के लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू करने पर जोर दिया गया है।

ड्राइवर संगठनों ने मांग की है कि सभी वाहन चालकों का अनिवार्य ड्राइविंग एवं जीवन बीमा कराया जाए। दुर्घटना में मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता दी जाए। इसके अलावा ड्राइवर हेल्थ कार्ड जारी कर सरकारी एवं अधिकृत अस्पतालों में कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल है।

पोस्टर में 55 वर्ष की आयु के बाद ड्राइवरों को पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने, राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख राज्य मार्गों पर विश्रामगृह, पार्किंग, शौचालय, स्नानघर, भोजन एवं प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था करने की मांग उठाई गई है। वहीं, पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा कथित अनावश्यक उत्पीड़न एवं मारपीट पर रोक लगाने तथा शिकायतों के लिए स्वतंत्र व्यवस्था बनाने की बात कही गई है।

इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में निष्पक्ष जांच, चालक को दोषी ठहराने से पहले न्यायिक जांच और तत्काल कानूनी सहायता उपलब्ध कराने, ड्राइवरों के बच्चों की शिक्षा एवं रोजगार के लिए विशेष कल्याणकारी योजनाएं लागू करने की मांग की गई है।

संगठन ने दुर्घटना में चालक की मृत्यु होने पर परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने, सड़क किनारे अवैध वसूली और दलाली पर रोक लगाने तथा सभी राज्यों के ड्राइवरों का राष्ट्रीय स्तर पर पंजीकरण कर डिजिटल पहचान पत्र जारी करने की मांग भी रखी है।

ड्राइवर संगठनों की प्रमुख मांगों में जॉइनिंग लेटर के साथ सभी चालकों को पीएफ एवं ईएसआईसी की सुविधा अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना भी शामिल है।

इस दौरान छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन के जिला अध्यक्ष मोहन ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष सरजू ध्रुव, रामसाय मौर्य, गोविन्द कश्यप, धरम कश्यप, विनीत,पदम देवांगन सहित बड़ी संख्या में ड्राइवर साथी मौजूद रहे। सभी ने ड्राइवरों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई तथा आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

साझा:

बस, इतनी ही थी यह खबर।

आगे भेज दीजिए — बस्तर की खबर बस्तर तक पहुँचनी चाहिए।

ग्रुप में भेजिए
लिखने वाले
Prabhakar Prabhakar

इनकी सारी खबरें

इसी सिलसिले में

संबंधित खबरें