जगदलपुर (कांगेर लाइव)-भगवान महादेव की भक्ति और गौ सेवा के संकल्प के साथ बस्तर संभाग में पहली बार गौ सेवा संकल्प कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ महादेव घाट से हुआ। श्रद्धालु पवित्र जल, रोटी और गुड़ लेकर कुरंदी स्थित हैप्पी कामधेनु गौ धाम के लिए रवाना हुए।
यात्रा महादेव घाट से सिरहासार, गोलबाजार मेन रोड, कोतवाली, शहीद पार्क, कुम्हारपारा, हाईवे और आड़ावाल होते हुए कुरंदी गौ धाम पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव के जयकारे लगाए और गौ सेवा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
गौ धाम पहुंचकर कांवड़ यात्रियों ने शिवलिंग पर पवित्र जल अर्पित कर जलाभिषेक किया। इसके बाद 5100 रोटियां और 51 किलो गुड़ गौ माता को अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने गौ सेवा एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया।
आयोजकों ने कहा कि गौ सेवा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी है। कांवड़ यात्रा को गौ सेवा से जोड़कर समाज में सेवा, संवेदना और संरक्षण का संदेश देने का प्रयास किया गया है।
यात्रा में दीपक पनपालिया, नरेश कोरी, कैलाश ठाकुर, रोहन कुमार, विक्रम ठाकुर, सुनीता कश्यप, वंशिका पोडाल, जशवंत जोशी, रवि नेताम, नरसिम्हा सिन्हा, रोहन सेठिया, अमन धीवर सहित बड़ी संख्या में गौ सेवक एवं श्रद्धालु शामिल हुए।