जगदलपुर (kangerlive):धनतेरस और दीपावली पर्व के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस बस्तर ने सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह व्यवस्था 06 नवंबर से 08 नवंबर 2026 तक लागू रहेगी। इसके तहत शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव करने के साथ ही वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
त्योहारी खरीदारी के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के लिए शहर के अलग-अलग प्रवेश मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है। अनुपमा चौक, आकांक्षा होटल रोड, अग्रसेन चौक, संजय मार्केट और मिताली चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए चावल लाइन रोड में पार्किंग निर्धारित की गई है। वहीं चांदनी चौक, न्यू नरेंद्र टॉकीज, गोल बाजार, एमएलबी स्कूल और संजय मार्केट की ओर से आने वाले वाहनों को हाथा ग्राउंड एवं जिला शिक्षा कार्यालय के सामने स्थित बस्तर हाई स्कूल ग्राउंड में पार्क कराया जाएगा।
इसी तरह अनुपमा चौक, अग्रसेन चौक और गुरु गोविंद सिंह चौक से आने वाले वाहनों के लिए विवेकानंद स्कूल मैदान निर्धारित किया गया है। एसबीआई चौक, बस्तर क्लब और बलीराम चौक की ओर से आने वाले वाहनों को कोतवाली चौक स्थित नगर निगम अंडरग्राउंड पार्किंग एवं जेल रोड में पार्किंग की सुविधा मिलेगी। दुर्गा चौक और बलीराम चौक से आने वाले वाहनों के लिए ठाकुर रोड स्थित सुधीर जैन का बाड़ा निर्धारित किया गया है। इसके अलावा स्टेट बैंक चौक और चांदनी चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए प्रतापदेव वार्ड में कन्हैया बीकानेर के पास खाली मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। लालबाग मैदान में लगने वाली पटाखा दुकानों पर आने वाले ग्राहकों के लिए मैदान के किनारे ही पार्किंग उपलब्ध रहेगी।
भीड़ बढ़ने पर इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
त्योहार के दौरान अत्यधिक भीड़ की स्थिति में संजय मार्केट से मिताली चौक, मिताली चौक से दंतेश्वरी मंदिर और मिताली चौक से गोल बाजार मार्ग पर आवश्यकतानुसार दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की जा सकती है। ऐसी स्थिति में यातायात को अग्रसेन चौक, न्यू नरेंद्र टॉकीज रोड, मिताली चौक से मेन पोस्ट ऑफिस रोड, बलीराम चौक से दलपत सागर तथा गोल बाजार चौक से एमएलबी स्कूल की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर तीन दिन रोक
यातायात पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार 06 से 08 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात्रि 12 बजे तक शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश एवं निकास पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान जगदलपुर से सुकमा और दंतेवाड़ा की ओर जाने वाले भारी वाहनों को आड़ावाल-तेलीमारेंगा बाईपास मार्ग से आवागमन करना होगा। हालांकि निर्धारित मार्गों पर यात्री बसों का संचालन जारी रहेगा। वहीं आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है।
व्यापारियों और नागरिकों से सहयोग की अपील
त्योहारी सीजन में ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छोटे व्यापारी फल, फूल और पूजन सामग्री की अस्थायी दुकानें लगाते हैं। ऐसे में सड़क किनारे अनियोजित तरीके से दुकानें एवं वाहन खड़े होने से यातायात प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस बस्तर ने स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें तथा यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार के दौरान सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि सभी लोग धनतेरस और दीपावली का पर्व बिना किसी परेशानी के मना सकें।